Korba Constable Death: 5 अक्टूबर से लापता आरक्षक कन्ना गटपल्ली का शव मिला, 9 अक्टूबर को नहर से हुआ था बरामद
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। मड़वारानी स्थित बटालियन कैंप से लापता आरक्षक कन्ना गटपल्ली का शव 43 दिन बाद जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में नहर से बरामद होने की पुष्टि हुई है। परिजनों ने कपड़े और बेल्ट के आधार पर उसकी पहचान की है। आरक्षक 5 अक्टूबर से लापता था। इस मामले में अब पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वहीं, आरक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
9 अक्टूबर को नहर में मिला था अज्ञात शव
जानकारी के मुताबिक, आरक्षक कन्ना गटपल्ली बीजापुर जिले के उसूर गांव का निवासी था। वह 5 अक्टूबर को कोरबा के मड़वारानी स्थित बटालियन कैंप से लापता हो गया था। काफी समय तक घर नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी।
इसी बीच 9 अक्टूबर को जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में नहर से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
कपड़े और बेल्ट से हुई आरक्षक की पहचान
17 नवंबर को आरक्षक के परिजन उरगा पुलिस की मदद से बम्हनीडीह थाना पहुंचे। वहां शव से संबंधित कपड़े, बेल्ट और अन्य सामान दिखाए गए। इन वस्तुओं के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान आरक्षक कन्ना गटपल्ली के रूप में की।
पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 43 दिनों से लापता आरक्षक का शव मिलने की खबर से परिजनों में शोक का माहौल है।
कैंप के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, मड़वारानी बटालियन कैंप के सामने से नहर गुजरती है, जिसका पानी दूसरे जिले की ओर जाता है। इसी आधार पर आरक्षक की तलाश और घटनाक्रम की जांच की जा रही थी।
पुलिस अब बटालियन कैंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही आरक्षक के साथियों और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कैंप से कब और किन परिस्थितियों में निकला था।
हादसा या कुछ और? मौत की वजह अब भी अनसुलझी
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरक्षक कन्ना गटपल्ली की मौत नहर में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। अभी तक मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई हैं।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से मिलने वाली रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।










