• nagardarpannews

CG News : पटवारियों की हड़ताल के बीच अरुण साव की अपील, कहा- किसानों को आपकी सबसे ज्यादा जरूरत

CG News बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की जारी हड़ताल के बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हड़ताल कर रहे पटवारियों से काम पर लौटने की अपील करते हुए कहा कि इस समय किसानों को पटवारियों की सेवाओं की सबसे अधिक जरूरत है। राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने से किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ सकती हैं। ऐसे में पटवारियों को किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

किसानों के रकबे और जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी से बढ़ी परेशानी

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के कई किसानों के रकबे राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, कुछ मामलों में जमीन के रिकॉर्ड में दूसरी फसल दर्ज होने जैसी गड़बड़ियां भी देखने को मिल रही हैं। इन समस्याओं के चलते किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

CG DA Hike : छत्तीसगढ़ में अफसरों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, IAS-IPS और IFS अधिकारियों को मिलेगा बढ़ा हुआ DA

उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे समय में उनकी अनुपस्थिति से किसानों के जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं।

पटवारियों की मांगों पर सरकार का ध्यान, समाधान का भरोसा

उपमुख्यमंत्री ने पटवारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगें सरकार के संज्ञान में हैं और उचित समय पर उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटवारी शासन के महत्वपूर्ण अमले का हिस्सा हैं। आम जनता और किसानों से जुड़े राजस्व कार्यों में उनकी जिम्मेदारी काफी अहम है।

डिप्टी CM की दो टूक अपील- हड़ताल खत्म कर काम पर लौटें पटवारी

अरुण साव ने पटवारियों से अपील की कि वे किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए हड़ताल समाप्त करें और काम पर वापस लौटें। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पटवारियों के सहयोग की जरूरत है। इसलिए जनहित और किसान हित को देखते हुए पटवारियों को अपनी सेवाएं फिर से शुरू करनी चाहिए।

पटवारी संघ के अगले कदम पर नजर

प्रदेश में पटवारियों की हड़ताल के बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव की इस अपील को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि सरकार के आश्वासन और डिप्टी सीएम की अपील के बाद पटवारी संघ क्या रुख अपनाता है। वहीं, किसानों को राजस्व रिकॉर्ड और जमीन संबंधी समस्याओं के जल्द निराकरण का इंतजार है।

About The Author