Korba Accident News: भालू मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत के बाद ट्रेलर चालक फरार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।
पोड़ी उपरोड़ा से कटघोरा जा रहा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, युवक बाइक से पोड़ी उपरोड़ा से कटघोरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके से फरार हुआ ट्रेलर चालक
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा और बांगो पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
वहीं, हादसे के बाद फरार हुए ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।
तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर उठे सवाल
कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान और फरार ट्रेलर चालक के पकड़े जाने के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।










