• nagardarpannews

Korba News: SECL कॉलोनी के सूने बंगले में लाखों की चोरी, रिटायर्ड कर्मी के घर से 4 से 6 लाख के सोने के गहने गायब

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र की मानिकपुर चौकी अंतर्गत SECL कॉलोनी का है, जहां रिटायर्ड SECL कर्मी के बंद बंगले का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। शुरुआती जानकारी में चोरी गए जेवरों की कीमत 2 से 3 लाख रुपये आंकी गई थी, लेकिन मकान मालिक के लौटने और सामान की विस्तृत जानकारी मिलने पर करीब 4 से 6 लाख रुपये के सोने के गहने गायब होने की बात सामने आई।

घटना 18 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मकान मालिक का परिवार पिछले करीब चार महीने से बिलासपुर में रह रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्य दरवाजे और बेडरूम के ताले तोड़कर घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, SECL कॉलोनी का बंगला नंबर D-03 प्रतिमा बिन्द का है। उनका परिवार करीब चार महीने पहले बिलासपुर शिफ्ट हो गया था। मकान की देखरेख की जिम्मेदारी रामनगर निवासी एक महिला को दी गई थी। महिला SECL कॉलोनी के बंगला नंबर D-05 में सुषमा सिंह और D-03 में प्रतिमा बिन्द के यहां झाड़ू-पोंछा का काम करती है।

बताया गया है कि महिला का बेटा रूपेन्द्र भारती पिछले 11 दिनों से बंगला नंबर D-03 में सो रहा था, लेकिन 18 अक्टूबर की रात वह वहां नहीं रुका। महिला के अनुसार, रात करीब 8 बजे वह क्वार्टर में पौधों को पानी देने और लाइट चालू करने के बाद अपने घर चली गई थी।

अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे जब वह बंगले पर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर दोनों बेडरूम के ताले भी टूटे मिले। अलमारी खुली पड़ी थी और कपड़े तथा सोने-चांदी के गहनों के पैकेट जमीन पर बिखरे हुए थे।

महिला ने तत्काल वीडियो कॉल के जरिए मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।

पहले 2-3 लाख, बाद में 4-6 लाख के गहने चोरी होने का अनुमान

चोरी की जानकारी मिलने के बाद शुरुआती तौर पर बिखरे हुए पैकेट देखकर करीब 2 से 3 लाख रुपये के जेवर गायब होने का अनुमान लगाया गया था। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद क्वार्टर की देखरेख करने वाली महिला से पूछताछ की गई थी। शुरुआती जानकारी में उसने 2 से 3 लाख रुपये के गहने चोरी होने की बात बताई थी।

CSP के अनुसार, मकान मालिक के कोरबा लौटने और चोरी गए सामान का विस्तृत मिलान करने के बाद करीब 4 से 6 लाख रुपये के सोने के गहने गायब होने की जानकारी सामने आई।

CCTV फुटेज खंगाल रही मानिकपुर चौकी पुलिस

मानिकपुर चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के समय संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।

इसके साथ ही क्वार्टर में आने-जाने वाले लोगों और वहां काम करने वाली महिला के बेटे से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल चोरी करने वालों की पहचान और गायब गहनों की बरामदगी के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

About The Author