अखबार जगत के कर्मयोगियों को मिला सम्मान: गांधी और शास्त्री जयंती पर रेडक्रॉस और होटल स्टेयोरा ने बांटीं टी-शर्ट्स
कोरबा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर आज कोरबा में एक अनूठी और सेवाभावी पहल देखने को मिली। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी (जिला शाखा कोरबा) और होटल स्टेयोरा के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सुबह के घने अंधेरे में शहर तक खबरें पहुंचाने वाले कर्मयोगियों का विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अखबार वितरण संघ के समस्त हॉकर भाइयों, ट्रांसपोर्ट लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले श्रमिकों और ऑटो चालकों को मुख्य अतिथि व पदाधिकारियों द्वारा टी-शर्ट वितरित की गई।
धूप हो या बरसात, सबसे पहले सूचना पहुंचाने वालों का आभार
समारोह को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल ने कहा, “सुबह की पहली किरण के साथ हमारे घरों तक देश-दुनिया की खबरें पहुंचाने वाले ये हॉकर और श्रमिक समाज की वो मजबूत रीढ़ हैं, जो बिना रुके अपनी सेवाएं देते हैं। गांधी जी के ‘सत्य ही सेवा है’ के संदेश को ये भाई रोज़ाना अपने कर्म से चरितार्थ करते हैं। आज इनका सम्मान कर पूरी टीम गौरवान्वित महसूस कर रही है।”
गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम
होटल स्टेयोरा (टी पी नगर) में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में रेडक्रॉस और शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, संरक्षक मोहम्मद सफी व अजय शर्मा, यूथ रेड क्रॉस से जफर अली, वाइस चेयरमैन राजेंद्र तिवारी, डॉ. अजय स्वर्णकार, प्रदेश प्रतिनिधि योगेश जैन आजीवन सदस्य मृगेंद्र सिंह, राजेंद्र ठाकुर और अखबार वितरण संघ के दीपेन्द्र साहू तथा अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक भाई उपस्थित थे। टी-शर्ट पाकर हॉकर भाइयों और चालकों के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई, उन्होंने इस सहृदय पहल के लिए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।










