• nagardarpannews

Korba News: कोरबा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, मारपीट का आरोपी भी पकड़ाया

Korba Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने पांच साल पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी आलोक सागर उर्फ सोना को गिरफ्तार किया है। वहीं, मारपीट और शराब पीने के लिए पैसे मांगने के मामले में फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पांच साल पुराने मामले में स्थायी वारंटी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलोक सागर उर्फ सोना, पिता राजेश सागर, निवासी माझी मोहल्ला, धनुहारपारा, कोरबा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 137/20 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 455, 364, 294, 506 और 323 तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आरोपी को पहले गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था। हालांकि, न्यायालय में पेशी के दौरान आरोपी अनुपस्थित हो गया और अपने निवास स्थान से फरार हो गया। इसके बाद न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।

30 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आलोक सागर उर्फ सोना को गिरफ्तार कर लिया।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर की थी मारपीट

वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया (28 वर्ष), पिता अमीत कुरैशी, निवासी सीतामणी चंडिका मंदिर के पास, मेन रोड, कोरबा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 759/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज है।

प्रकरण के अनुसार, आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया ने अपने साथी गौतम उर्फ काड़े के साथ मिलकर प्रार्थी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। इस मामले में आरोपी के साथी गौतम उर्फ काड़े को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है।

न्यायालय में पेश किए जाएंगे आरोपी

कोतवाली पुलिस ने 30 सितंबर को फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा उसे रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी

कोरबा कोतवाली पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी फरार आरोपी या वारंटी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

About The Author