Korba Crime: शादी का झांसा देकर शादीशुदा महिला से रेप का आरोप, दो बार कराया अबॉर्शन; दूसरी युवती से कर रहा था शादी
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर शादीशुदा महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला ने आसिफ खान नाम के युवक पर आरोप लगाया है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच प्रेम संबंध जारी रहा और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का आरोप है कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दबाव बनाकर दोनों बार उसका गर्भपात करा दिया। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी किसी दूसरी युवती से शादी की तैयारी कर रहा है और उसकी सगाई भी हो चुकी है। इसके बाद पीड़िता ने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी से पहले से था प्रेम संबंध
कोरबा के ASP लखन पटले के मुताबिक, बालको थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला पहले से शादीशुदा थी और उसका कहना है कि वह आरोपी को अपनी शादी से पहले से जानती थी। दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध होने की बात महिला ने पुलिस को बताई है।
महिला के अनुसार, शादी के बाद भी आरोपी उससे संपर्क में रहा और शादी करने का भरोसा देता रहा। आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने और महिला अपने पति से अलग हो गई।
दो बार गर्भवती होने का लगाया आरोप
महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि पति से अलग होने के बाद आरोपी ने उससे शादी का वादा किया। इसी भरोसे पर वह उसके साथ संबंध बनाता रहा। महिला के मुताबिक, इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दबाव डालकर दोनों बार उसका अबॉर्शन करा दिया।
दूसरी लड़की से सगाई की जानकारी मिली
मामले में तब नया मोड़ आया, जब महिला को पता चला कि आरोपी किसी दूसरी युवती से शादी करने की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि आरोपी ने परिवार की मौजूदगी में दूसरी लड़की से सगाई भी कर ली थी और शादी की तैयारी चल रही थी।
जानकारी मिलने के बाद महिला ने आरोपी से शादी करने के लिए कहा। महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और धमकी भी दी।
शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद पीड़िता बालको थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी आसिफ खान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।










