31 साल पुराने भवन की जगह नया थाना, कोरबा सिटी कोतवाली में ई-मालखाना शुरू
कोरबा। थाना सिटी कोतवाली परिसर में नवीन थाना भवन का लोकार्पण और ई-मालखाना का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग वर्चुअल माध्यम से जुड़े और नए भवन का लोकार्पण किया।
1995 में बने पुराने भवन की जगह तैयार हुआ नया थाना भवन
सिटी कोतवाली का पुराना भवन वर्ष 1995 में निर्मित हुआ था। करीब 31 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद पुलिसिंग की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए नए भवन का निर्माण कराया गया है। यह भवन छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से तैयार किया गया है।
नए भवन में आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ आम नागरिकों को भी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
ई-मालखाना से जब्त सामान का डिजिटल रिकॉर्ड
सिटी कोतवाली में ई-मालखाना व्यवस्था को भी आधुनिक स्वरूप दिया गया है। मालखाने में रखे प्रकरणों से संबंधित जब्त सामान का कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है।
पुराने मामलों के माल-मशरूका को खोजने में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए सामान की क्रमबद्ध व्यवस्था, मार्किंग और पहचान सुनिश्चित की गई है। अब सॉफ्टवेयर में रिकॉर्ड उपलब्ध रहने से जरूरत पड़ने पर संबंधित सामान को आसानी से खोजा जा सकेगा।
पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था से जब्त सामान के सुरक्षित संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन और त्वरित खोज में सुविधा मिलेगी। साथ ही विवेचना और न्यायालयीन कार्रवाई के दौरान आवश्यक सामान उपलब्ध कराने में भी सहूलियत होगी।
मंत्री और IG ने तकनीकी व्यवस्था को बताया उपयोगी
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नए थाना भवन और ई-मालखाना से पुलिस को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। तकनीक आधारित व्यवस्था से पुलिसिंग में सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
वहीं, IG राम गोपाल गर्ग ने कहा कि आधुनिक पुलिस अधोसंरचना और ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्थाएं पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सिटी कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।









