Korba News: गणेश उत्सव में पुलिस का ऑपरेशन आघात, 10 दिन में 407 बदमाशों और आरोपियों पर कार्रवाई

कोरबा। गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत पिछले 10 दिनों में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 407 बदमाशों, आरोपियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

123 गिरफ्तारी वारंट तामील

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश कर 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इसके अलावा पुराने मामलों में लंबित 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इनमें वर्ष 2014 से लंबित स्थायी वारंट भी शामिल हैं।

190 आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने शरीर संबंधी और महिला संबंधी अपराधों समेत लंबित मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष फोकस किया गया।

72 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

संभावित रूप से शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले 72 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई की गई है।

ऑपरेशन आघात की कार्रवाई एक नजर में

  • 407 — कुल कार्रवाई
  • 123 — गिरफ्तारी वारंट तामील
  • 22 — स्थायी वारंटी गिरफ्तार
  • 190 — लंबित अपराधों में आरोपी गिरफ्तार
  • 72 — प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कोरबा पुलिस के मुताबिक, गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

About The Author