Korba News: कर्ज और खेती के बोझ से परेशान किसान ने कीटनाशक खाया, इलाज के दौरान मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक किसान की कीटनाशक सेवन से मौत का मामला सामने आया है। घटना उरगा थाना क्षेत्र के बागबुड़ा गांव की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय परदेसी राम कंवर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह खेती का पूरा काम अकेले संभालने और करीब 30 हजार रुपये के कर्ज को लेकर परेशान रहते थे।

करीब 3 एकड़ जमीन पर अकेले करते थे खेती

मृतक के बेटे सुनील कुमार के मुताबिक, परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। परिवार के पास करीब तीन एकड़ कृषि भूमि है। परदेसी राम खेती से जुड़े ज्यादातर काम खुद ही संभालते थे।

परिजनों का कहना है कि वह कई बार खेती का काम ज्यादा होने और अकेले जिम्मेदारी उठाने की बात कहते थे। उनका कहना था कि खेती का पूरा बोझ उन पर आ गया है। परिवार की ओर से उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि आगे सभी मिलकर खेती का काम संभालेंगे।

करीब 30 हजार रुपये का था कर्ज

परिजनों के अनुसार, परदेसी राम पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज भी था। खेती की जिम्मेदारियों और कर्ज के चलते वह परेशान रहते थे। हालांकि, उन्होंने अपनी परेशानी को लेकर परिवार के लोगों से ज्यादा चर्चा नहीं की थी।

घर में कीटनाशक खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

बताया गया कि परदेसी राम ने बुधवार को अपने घर में ही कीटनाशक का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पहले भी काम का बोझ होने की बात कहते थे

बेटे सुनील के मुताबिक, परदेसी राम पहले भी कई बार खेती का काम अधिक होने की बात कहते थे। परिवार के सदस्यों ने उन्हें समझाया था कि सभी लोग मिलकर खेती की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके बावजूद वह लगातार चिंता में रहते थे।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

About The Author