गुप्ता गली में गणेश चतुर्थी का विशेष आकर्षण, झूले पर विराजमान गणपति बप्पा के दर्शन को उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
कोरबा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर गुप्ता गली में इस वर्ष गणपति उत्सव का विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। यहां भव्य एवं आकर्षक झांकी में झूले पर झूलते हुए गणपति बप्पा की मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
भव्य फूलों की सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और सुंदर धार्मिक सज्जा के बीच विराजमान गणपति बप्पा की झांकी को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से झूले पर विराजमान गणेशजी की मनमोहक छवि लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
गुप्ता गली में उत्सव का माहौल देखते ही बन रहा है। श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में झांकी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आकर्षक सजावट के साथ दर्शन एवं व्यवस्था की तैयारियां की गई हैं। गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से गुप्ता गली में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
“गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज रही गुप्ता गली, झूले पर विराजमान गणपति बने श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण।









