भतीजे के जन्मदिन पर केक लेकर घर जा रहा था हाइड्रा चालक, सड़क किनारे मिला शव; हादसे की जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। कोरबा जिले के उरगा मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में हाइड्रा वाहन चालक की मौत हो गई। 26 वर्षीय युवक का शव उसके हाइड्रा वाहन के नीचे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सोनू यादव (26) के रूप में हुई है। वह शक्ति जिले के नगरदा का रहने वाला था और पिछले करीब तीन वर्षों से एक निजी कंपनी का हाइड्रा वाहन चला रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

भतीजे के जन्मदिन पर घर जाने वाला था सोनू

बताया जा रहा है कि मंगलवार को सोनू के बड़े भाई के बेटे का जन्मदिन था। सोनू अपने भतीजे के लिए केक लेकर घर जाने की तैयारी में था। उसने फोन पर परिजनों से बातचीत भी की थी और जन्मदिन के मौके पर घर पहुंचने की बात कही थी।

लेकिन सोनू तय समय पर घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। इसी बीच उरगा मुख्य मार्ग पर हाइड्रा वाहन खड़ा होने और सोनू के वाहन के नीचे पड़े होने की जानकारी सामने आई।

तीन साल से चला रहा था हाइड्रा वाहन

परिजनों के मुताबिक सोनू पिछले करीब तीन वर्षों से निजी कंपनी में हाइड्रा वाहन चालक के रूप में काम कर रहा था। वह आमतौर पर हर दो-तीन दिन में घर आता-जाता था। सोनू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है।

राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

उरगा मुख्य मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने सोनू को वाहन के नीचे पड़ा देखा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज के शव कक्ष में रखा गया। बुधवार को पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की और परिजनों के बयान दर्ज किए।

सिविल लाइन पुलिस कर रही हादसे की जांच

मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सोनू को किसी दूसरे वाहन ने टक्कर मारी थी या हाइड्रा वाहन से ही किसी तरह की दुर्घटना हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

About The Author