जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा जेसीआई सप्ताह का भव्य समापन
जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा आयोजित जेसीआई सप्ताह का भव्य समापन समारोह उत्साह, उमंग एवं मनोरंजन से भरपूर वातावरण में आयोजित किया गया। सप्ताहभर आयोजित विभिन्न सामाजिक, जागरूकता, प्रशिक्षण, युवा एवं पारिवारिक कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट समारोह के दौरान प्रस्तुत की गई।

जेसीआई सप्ताह के अंतर्गत प्लास्टिक हटाओ–स्टील अपनाओ अभियान के तहत स्टील बोतल वितरण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही अंतर महाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता, सीपीआर प्रशिक्षण, युवा संसद, मानव कर्तव्य याचिका हस्ताक्षर एवं जागरूकता अभियान, जेकॉम प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा नए सदस्यों को जेसीआई परिवार से जोड़ने जैसे विभिन्न कार्यक्रम संपन्न हुए।
सप्ताह के दौरान सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पारिवारिक सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया गया। पारिवारिक गणेश उत्सव, बच्चों के लिए रंग भरने की गतिविधि एवं जेसीआई ग्रैंड फैमिली मूवी के माध्यम से जेसीआई परिवार के सदस्यों ने साथ मिलकर समय बिताया और पारिवारिक सौहार्द का संदेश दिया।
समापन समारोह में समाज के उन उत्कृष्ट एवं समर्पित व्यक्तियों का भी सम्मान किया गया, जो बिना किसी नाम या प्रसिद्धि की अपेक्षा के निरंतर समाजहित में अपना योगदान दे रहे हैं। उनके कार्यों को मंच से सराहा गया तथा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समापन समारोह की शुरुआत शानदार स्वागत एवं ढोल धमाका के साथ हुई। इसके पश्चात विभिन्न मनोरंजन प्रस्तुतियां, एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य पुरस्कार एवं सम्मान समारोह रहा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य एवं सहभागिता करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जेसीआई कोरबा सेंट्रल के पूर्व अध्यक्ष एस.के. सिल्ली, आनंद रायकर, संजय अग्रवाल, राकेश खूबचंदानी, मोहित खटोर, सनी मित्तल, आनंद अग्रवाल, उत्कर्ष अग्रवाल, परविंदर गांधी, अभिषेक अग्रवाल, अध्यक्ष जेसी सीए त्रिलोकी नाथ बजाज, जेसीआई सप्ताह समन्वयक जेसी अंश अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, कपिल विश्वकर्मा, अंकित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जेसीआई परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर जेसीआई कोरबा सेंट्रल ने सप्ताहभर की गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक सहभागिता एवं समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।









