कोरबा में खूनी खेल: चाचा-भतीजे में विवाद, फरसी के वार से गुलाब सिंह की मौत

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र के पनगांव में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। दादी से विवाद कर रहे चाचा से भतीजे की बहस हो गई, जिसके बाद आरोपी ने फरसी से अपने ही चाचा पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, पनगांव निवासी गुलाब सिंह का अपनी मां यानी आरोपी दुर्गेश की दादी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान उसका भतीजा दुर्गेश वहां पहुंचा। विवाद के बीच दुर्गेश ने हस्तक्षेप किया और देखते ही देखते अपने चाचा गुलाब सिंह पर फरसी से हमला कर दिया।

फरसी के हमले में गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी दुर्गेश वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

हत्या की सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

About The Author