शराब के लिए पैसे मांगने से मना किया तो युवक से मारपीट, घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी; मुख्य आरोपी गिरफ्तार


कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को रास्ते में रोककर मारपीट की। इसके कुछ घंटे बाद आरोपी उसके घर भी पहुंच गए और दोबारा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे फरसवानी निवासी संतोष राठौर अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे। संतोष ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। घटना में उसके हाथ में चोट आई।
बताया गया कि पहली घटना के कुछ घंटे बाद आरोपी रात करीब 12:30 बजे संतोष के घर पहुंच गए। यहां भी उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत उरगा थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 507/2026 दर्ज करते हुए धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने घर पर मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ज्ञान राठौर का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है और कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। वर्तमान मामले में दोबारा आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर पुलिस ने उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को गंभीरता से लिया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 12 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Paras Jain, Editor of Nagar Darpan News, delivering insightful journalism with a focus on local and regional news. Stay informed with his expert reporting and analysis.