कोरबा में लोनर हाथी का आतंक: लगातार चौथे दिन गांव में घुसकर तोड़ा घर, सो रहा था परिवार; निगरानी दल को चकमा देकर पहुंचा बस्ती में
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में एक लोनर हाथी ने लगातार चौथे दिन बस्ती में घुसकर एक ग्रामीण के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के हमले से ग्रामीण और उसका परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन उनका आशियाना टूटने से परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, एक लोनर हाथी पिछले कई दिनों से एतमानगर रेंज के बंजारी गांव के जंगल में विचरण कर रहा है। वन विभाग की निगरानी टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। इसके बावजूद हाथी बीती रात निगरानी दल को चकमा देकर बंजारी गांव की बस्ती में पहुंच गया।
गहरी नींद में सो रहा था परिवार, अचानक टूट गई नींद
बीती रात लोनर हाथी रामप्रसाद बिंझवार के घर पहुंच गया। उस समय रामप्रसाद और उसके परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। हाथी के आने की आहट से रामप्रसाद की नींद खुली तो उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया।
परिवार ने किसी तरह घर के एक कोने में छिपकर अपनी जान बचाई। इस दौरान हाथी ने घर में उत्पात मचाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। रामप्रसाद ने तत्काल निगरानी दल को इसकी सूचना दी।
निगरानी दल ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा
सूचना मिलते ही वन विभाग का निगरानी दल मौके पर पहुंचा और उत्पात मचा रहे लोनर हाथी को बस्ती से दूर खदेड़ने की कोशिश की। टीम की कार्रवाई के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। इसके बाद रामप्रसाद और उसके परिवार ने राहत की सांस ली।
हाथी के लगातार बस्ती में घुसने और घरों को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
निगरानी व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लोनर हाथी के लगातार चौथे दिन बस्ती में घुसने की घटना के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी लगातार आबादी वाले क्षेत्रों का रुख कर रहा है, ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
केंदई रेंज में 32 हाथियों का दल सक्रिय
इधर केंदई रेंज में करीब 32 हाथियों का दल कापानवापारा और कोरबी सर्किल क्षेत्र में घूम रहा है। हाथियों के दल ने दोनों इलाकों में उत्पात मचाते हुए धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है।
वहीं जटगा रेंज के जटगा परिसर की पहाड़ी पर सक्रिय करीब 20 हाथियों के दल ने अपना लोकेशन बदल लिया है। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल अब इसी रेंज के मुकुवा परिसर की ओर पहुंच गया है।
कोरबा वन क्षेत्र में लगातार हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।









