• nagardarpannews

CG NEWS : घोंघा नदी में बड़ा हादसा, तीन मासूम तेज बहाव में बहे, गांव में पसरा मातम

बिलासपुर/तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। समडील गांव के तीन मासूम बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय घोंघा नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, दो अन्य बच्चों की तलाश अभी भी जारी है।

नदी पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत समडील निवासी तीन बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी का बहाव सामान्य और पानी कम था। इसी दौरान अचानक नदी में तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में आने से तीनों बच्चे बह गए।

एक बच्चे का शव बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।

तीनों बच्चे एक ही गांव के रहने वाले

नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों बच्चे ग्राम पंचायत समडील के निवासी बताए जा रहे हैं।

दो बच्चों की तलाश जारी

हादसे के बाद से ही पुलिस और ग्रामीण लगातार नदी में लापता बच्चों की तलाश कर रहे हैं। अब एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद सर्च ऑपरेशन को और तेज किए जाने की उम्मीद है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से बच्चे उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम जल्द गांव पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाएगी और दोनों लापता बच्चों की तलाश की जाएगी।

About The Author