CG Crime News: बैंक का ताला तोड़कर अंदर घुसा चोर, तिजोरी नहीं खुली तो खाली हाथ भागा

कोरबा। जिले के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में सोमवार रात चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात आरोपी बैंक का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। इसके बाद आरोपी बिना चोरी किए ही मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

ताला तोड़कर बैंक में घुसा आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बैंक का मुख्य ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। CCTV फुटेज में एक व्यक्ति बैंक के भीतर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। बैंक में प्रवेश करने के बाद आरोपी मुख्य ताला भी अपने साथ ले गया।

पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहचान से जुड़े सबूत मिटाने के उद्देश्य से ताला अपने साथ ले लिया होगा। इसके बाद उसने बैंक के लॉकर, तिजोरी और अन्य अलमारियों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह इन्हें खोल नहीं सका।

लॉकर और तिजोरी नहीं खुलने के बाद आरोपी खाली हाथ बैंक से निकल गया।

बैंक का CCTV बंद, रात में गार्ड भी नहीं था

घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया गया कि बैंक में लगे CCTV कैमरे काम नहीं कर रहे थे। वहीं रात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था।

बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि CCTV सिस्टम बंद था। ऐसे में बैंक के अंदर लगे कैमरों से आरोपी की स्पष्ट पहचान करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए बैंक के आसपास तथा आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और घटना के समय बैंक के आसपास मौजूद लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं बैंक सुरक्षा में कमियां

CSP के मुताबिक, पुलिस की ओर से समय-समय पर जिले के सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। कुछ दिन पहले ही जिले के बैंकों का सुरक्षा सर्वे भी कराया गया था।

सर्वे के दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आई थीं। इसके बाद संबंधित बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे।

CCTV दुरुस्त रखने और गार्ड तैनात करने के निर्देश

पुलिस ने जिले के सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को CCTV कैमरे हमेशा चालू और दुरुस्त रखने के साथ ही रात के समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

CSP ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बैंक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित बैंक के उच्च कार्यालय को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी की जाएगी।

भैंसमा ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास के बाद पुलिस अब आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की जांच में जुटी हुई है।

About The Author