महिला पहलवान यौन शोषण केस: बृजभूषण शरण सिंह बरी, कोर्ट के फैसले के बाद बोले-

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को सुनाए फैसले में बृजभूषण शरण सिंह और WFI के पूर्व सचिव विनोद तोमर को आरोपों से बरी कर दिया।

करीब तीन साल तक चली कानूनी प्रक्रिया और 127 सुनवाई के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। मामले की सुनवाई एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अश्वनी पंवार ने की।

1133 दिनों तक चली कानूनी प्रक्रिया

यह मामला जनवरी 2023 में सामने आया था। शिकायतों के बाद मई 2023 में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की थी। मामले में छह महिला पहलवानों ने शिकायत की थी। हालांकि बाद में एक नाबालिग पहलवान ने अपनी शिकायत वापस ले ली और अपना बयान बदल दिया।

2 जुलाई 2026 को दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। इसके बाद सोमवार को कोर्ट ने दोनों आरोपियों को बरी कर दिया।

कोर्ट के फैसले के बाद क्या बोले बृजभूषण सिंह?

फैसले के बाद कोर्ट परिसर से बाहर निकले बृजभूषण शरण सिंह ने हाथ जोड़कर कहा कि आज उनके लिए खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि अदालत ने उन्हें और विनोद तोमर को बरी कर दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि यदि उन पर लगाए गए आरोप साबित होते हैं तो वह कठोरतम सजा स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। बृजभूषण सिंह ने कहा कि अदालत के विस्तृत आदेश की प्रति मिलने के बाद वह मामले पर विस्तार से अपनी प्रतिक्रिया देंगे।

घर पहुंचने पर समर्थकों ने किया स्वागत

अदालत से राहत मिलने के बाद बृजभूषण शरण सिंह जब अपने आवास पहुंचे तो समर्थकों ने उनका फूल बरसाकर और अबीर-गुलाल लगाकर स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “होइहि सोइ जो राम रचि राखा।”

बेटे करण भूषण बोले- सत्य की जीत हुई

बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि साजिश नाकाम हुई और सत्य की जीत हुई। उन्होंने अपने पिता के बरी होने को न्याय की जीत बताया।

वहीं भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह पर लगाए गए आरोप झूठे थे। उन्होंने अदालत के फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे पूरे कुश्ती जगत में खुशी का माहौल है।

About The Author