मानिकपुर खदान के पास 24 घंटे ट्रैफिक जाम, प्रशासन कब जागेगा?
कोरबा। चांपा रोड स्थित मानिकपुर खदान के समीप सैकड़ों ट्रकों की आवाजाही के कारण दिन-रात ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। यह समस्या अब इतनी गंभीर हो चुकी है कि आम नागरिकों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
रोजाना स्कूल बसों में जाने वाले बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने में कठिनाई होती है। कई बार एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर खतरा मंडराने लगता है। वहीं चांपा रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी ट्रेन छूटने के डर से आधा से एक घंटा पहले घर से निकलना पड़ता है, फिर भी जाम के कारण समय पर पहुंचने की कोई गारंटी नहीं रहती।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की ओर न तो ट्रैफिक पुलिस का पर्याप्त ध्यान है और न ही मानिकपुर खदान प्रबंधन द्वारा ट्रकों के संचालन की कोई प्रभावी व्यवस्था की जा रही है। लगातार लगने वाले जाम से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है।
क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक, ट्रैफिक पुलिस एवं खदान प्रबंधन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, भारी वाहनों के संचालन के लिए निर्धारित समय तय किया जाए तथा स्थायी समाधान निकालकर आम जनता को राहत दिलाई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना या अप्रिय घटना हो सकती है।









