• nagardarpannews

Korba Road Accident: स्कूटी डिवाइडर से टकराई, 13 वर्षीय छात्र की मौत; दोस्त घायल

कोरबा। कोरबा में तेज रफ्तार और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की लापरवाही एक बार फिर दर्दनाक हादसे का कारण बन गई। सुनालिया मोड़ के पास स्कूटी डिवाइडर से टकराने के बाद सेंट जेवियर्स स्कूल के कक्षा 9वीं के छात्र हर्षवर्धन सिंह (13) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त वंशु कुमार जोशी (13) गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है।

तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुई स्कूटी

जानकारी के अनुसार, मिशन रोड निवासी हर्षवर्धन सिंह और उसका दोस्त वंशु कुमार जोशी बुधवार (29 जुलाई) की शाम स्कूटी से टीपी नगर की ओर जा रहे थे। स्कूटी हर्षवर्धन चला रहा था।

सुनालिया मोड़ के पास तेज रफ्तार के कारण स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र सड़क पर जा गिरे।

सिर में गंभीर चोट, इलाज के दौरान मौत

हादसे में हर्षवर्धन का सिर डिवाइडर से टकराने के कारण उसे गंभीर चोट लगी, जबकि पीछे बैठे वंशु के कंधे में फ्रैक्चर हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान गुरुवार को हर्षवर्धन ने दम तोड़ दिया, जबकि वंशु का उपचार जारी है।

परिवार और स्कूल में पसरा मातम

महज 13 वर्ष की उम्र में हर्षवर्धन की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सेंट जेवियर्स स्कूल में भी शोक का माहौल है। सहपाठी और शिक्षक इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नाबालिगों के वाहन चलाने पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि लगातार जागरूकता अभियान चलाने और अभिभावकों को चेतावनी देने के बावजूद नाबालिगों के वाहन चलाने के मामले सामने आ रहे हैं, जो कई बार जानलेवा साबित हो रहे हैं।

“सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान में 11 नाबालिग चालक पकड़े गए

इधर, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत यातायात पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में 11 नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सभी मामलों में कुल 22 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया गया।

About The Author