थोड़ी सी बारिश में लालूराम कॉलोनी जलमग्न, सड़क पर भरा पानी, लोगों का घरों से निकलना हुआ मुश्किल
कोरबा। शहर में हुई थोड़ी सी बारिश ने ही नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित लालूराम कॉलोनी में बारिश के बाद मुख्य सड़क पर पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि स्कूल जाने वाले बच्चों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। वहीं कॉलोनी के कई निवासी अपने घरों तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी जलभराव के बीच जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था के अभाव में हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है। नागरिकों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
कॉलोनीवासियों ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से मांग की है कि तत्काल नालियों और सड़कों की सफाई कराई जाए तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में थोड़ी सी बारिश में भी लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। जनता ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर राहत दिलाने की अपील की है।









