CG Weather Update: बिलासपुर में रातभर झमाझम बारिश, स्कूलों में छुट्टी; रायगढ़ में बिजली गिरने से महिला की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और अगले एक सप्ताह तक लगातार वर्षा की संभावना जताई है। कई जिलों के लिए गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
बिलासपुर में जलभराव, स्कूलों में घोषित की गई छुट्टी
बिलासपुर में गुरुवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई कॉलोनियों की सड़कें पानी में डूब गईं। कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया। खराब मौसम और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।
रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत
रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रभा एक्का (55 वर्ष) जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और वह बिजली की चपेट में आ गईं। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अगले 7 दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर सिस्टम के कारण प्रदेश में अगले सात दिनों तक अलग-अलग जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, दुर्ग समेत कई इलाकों में रातभर से रुक-रुक कर बारिश जारी है।
अब तक सामान्य से 31% कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई। इसके बावजूद 1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से 31 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तापमान में गिरावट
बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी आई है। गुरुवार को दुर्ग में सबसे अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में सबसे कम 23.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।









