कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब पीकर बस चलाने वाले चालकों पर शिकंजा, लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू

कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने शराब पीकर यात्री बस चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

थाना पसान क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक बस चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। जांच में बस की डिक्की में नियमों के विरुद्ध बकरियों का परिवहन भी मिला, जिस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं थाना दर्री क्षेत्र में तेज और लापरवाही से बस चलाकर दो गुमटियों और एक कार को क्षतिग्रस्त करने वाले चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

कोरबा पुलिस ने कहा है कि अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author