कोरबा में सीआईएसएफ जवानों पर पिकअप चालक से मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो की जांच शुरू
कोरबा। कुसमुंडा-दीपका मार्ग स्थित कुचेना रेलवे अंडरब्रिज पर शनिवार शाम जाम के दौरान सीआईएसएफ जवानों पर पिकअप चालक और उसके हेल्पर से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे अंडरब्रिज के पास जाम लगा हुआ था। इसी दौरान सीआईएसएफ जवानों को ले जा रही बस और कुसमुंडा निवासी अमन मसीह की पिकअप के बीच हल्की टक्कर हो गई। आरोप है कि इसके बाद बस से उतरे जवानों ने चालक और हेल्पर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि जवानों ने पिकअप की चाबी छीन ली और पैसों की मांग की।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं और सीआईएसएफ अधिकारियों से भी जानकारी मांगी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









