• nagardarpannews

Korba News : मारपीट के बाद एक्शन में पुलिस, देर रात संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग

Korba News : कोरबा, 12 जुलाई 2026। हाल ही में शहर में हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाओं के बाद कोरबा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) और कोतवाली व सिविल लाइन थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 25 से 30 पुलिसकर्मियों ने संवेदनशील इलाकों में विशेष बाइक पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान बदमाशों, असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई।

मारपीट की घटनाओं के बाद बढ़ाई निगरानी

दो दिन पहले 15 ब्लॉक और पंप हाउस कॉलोनी क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई शुरू कर दी है।

Railway News : बिलासपुर में मालगाड़ी बेपटरी, बड़ा रेल हादसा टला

संकरी गलियों तक पहुंची पुलिस

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस ने पंप हाउस, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर, डीडीएम रोड सहित कई क्षेत्रों में बाइक से गश्त की। पुलिस उन संकरी गलियों तक भी पहुंची, जहां चार पहिया वाहनों का पहुंचना संभव नहीं है। अभियान का उद्देश्य अपराधियों में पुलिस का भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना था।

उपद्रवियों के घर पहुंचकर दी चेतावनी

अभियान के दौरान पुलिस ने हालिया मारपीट और उपद्रव की घटनाओं में शामिल संदिग्ध युवकों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा किसी भी तरह की गुंडागर्दी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिजनों से युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील भी की गई।

शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई

रात्रि गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग कर रहे युवकों और बिना वजह देर रात बाइक से घूमने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई युवकों को रोककर पूछताछ की, समझाइश दी और कुछ लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की।

सीएसपी बोले—अभियान लगातार जारी रहेगा

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। जिन इलाकों से लगातार मारपीट और गुंडागर्दी की शिकायतें मिल रही हैं, वहां नियमित रूप से बाइक पेट्रोलिंग और विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

About The Author