डायबिटीज मरीजों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब सप्ताह में सिर्फ एक बार लगेगा इंसुलिन, भारत में लॉन्च हुई दुनिया की पहली Once-Weekly बेसल इंसुलिन

कोरबा। मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित करोड़ों मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। भारत में अब दुनिया की पहली सप्ताह में एक बार (Once-Weekly) लगने वाली बेसल इंसुलिन लॉन्च हो गई है। डेनमार्क की वैश्विक फार्मा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क (Novo Nordisk) ने ‘Awiqli’ (इंसुलिन आइकोडेक) नाम से इस नई इंसुलिन को भारतीय बाजार में उतारा है। इस नई तकनीक से मरीजों को अब रोजाना इंसुलिन इंजेक्शन लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रोज 365 इंजेक्शन की जगह साल में सिर्फ 52 डोज

कोरबा के नया बस स्टैंड, टीपी नगर स्थित एमजेएम हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस जैन ने बताया कि अब तक डायबिटीज के मरीजों को ब्लड शुगर नियंत्रित रखने के लिए प्रतिदिन इंसुलिन लेना पड़ता था, यानी सालभर में करीब 365 इंजेक्शन लगाने पड़ते थे।

नई Awiqli (इंसुलिन आइकोडेक) के आने के बाद मरीजों को सप्ताह में केवल एक बार इंसुलिन लेना होगा। इससे पूरे वर्ष में इंजेक्शन की संख्या घटकर सिर्फ 52 रह जाएगी।

टाइप-1 और टाइप-2 दोनों मरीजों के लिए मंजूरी

डॉ. जैन के अनुसार यह इंसुलिन 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज दोनों प्रकार के मरीजों के लिए स्वीकृत है। इससे उपचार आसान होने के साथ-साथ मरीजों की दवा लेने की नियमितता (Compliance) भी बेहतर होगी।

किफायती कीमत में उपलब्ध

निर्माता कंपनी के अनुसार इस आधुनिक इंसुलिन को भारतीय बाजार में आम मरीजों की पहुंच को ध्यान में रखते हुए किफायती कीमत पर लॉन्च किया गया है।

कीमतें इस प्रकार हैं:

  • 1 ml पेन (700 यूनिट) – ₹2,611
  • 3 ml पेन (2,100 यूनिट) – ₹7,833

सिर्फ ₹261 प्रति सप्ताह का खर्च

यदि किसी मरीज को चिकित्सक द्वारा औसतन 70 यूनिट प्रति सप्ताह की खुराक निर्धारित की जाती है, तो उसका साप्ताहिक खर्च लगभग ₹261 होगा। कंपनी का दावा है कि यह मौजूदा कई दैनिक इंसुलिन विकल्पों की तुलना में किफायती और सुविधाजनक है।

FlexTouch पेन से होगा आसान इस्तेमाल

नई इंसुलिन FlexTouch पेन डिवाइस में उपलब्ध होगी। मरीज को सप्ताह का एक निश्चित दिन और समय तय करना होगा तथा उसी दिन हर सप्ताह यह डोज लेना होगा। इससे रोजाना इंजेक्शन लगाने की परेशानी से राहत मिलेगी और उपचार अधिक सुविधाजनक बन जाएगा।

जल्द पूरे देश में होगी उपलब्ध

कंपनी के अनुसार Awiqli (इंसुलिन आइकोडेक) को चरणबद्ध तरीके से देशभर में उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह नई तकनीक भारत में डायबिटीज के उपचार में एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित हो सकती है, जिससे लाखों मरीजों की जीवनशैली बेहतर होगी और इलाज का पालन करना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा।

About The Author