देवपहरी के एकलव्य विद्यालय में वेदारंभ संस्कार का आयोजन, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कराया 300 फलदार पौधों का वृक्षारोपण
कोरबा। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पहले गौमुखी सेवाधाम द्वारा देवपहरी ग्राम स्थित एकलव्य विद्यालय में वेदारंभ संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत शामिल हुए। इस दौरान उनके विशेष आग्रह पर विद्यालय परिसर में 300 फलदार पौधों के वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि ‘एक विद्यार्थी-एक पौधा’ अभियान के तहत विद्यालय के 300 विद्यार्थियों ने एक-एक पौधे के संरक्षण का संकल्प लिया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का प्रयास किया गया।
25 वर्षों से वनवासी क्षेत्रों में कर रही सेवा
गौमुखी सेवाधाम एक सेवाभावी संस्था है, जो राष्ट्रीय सेवा भारती से संबद्ध है। यह संस्था पिछले 25 वर्षों से जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर वनवासी क्षेत्रों में निवासरत विशेष पिछड़ी एवं संरक्षित जनजातियों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए कार्य कर रही है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर विशेष फोकस
संस्था द्वारा जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें आधुनिक एवं उन्नत खेती का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, बच्चों के लिए दसवीं कक्षा तक निशुल्क आवासीय विद्यालय और छात्रावास का संचालन, शिक्षा के साथ कौशल विकास प्रशिक्षण, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए प्रत्येक पौधे की देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक छात्र अपने पौधे की जिम्मेदारी निभाएगा तो आने वाले समय में यह परिसर हरियाली से आच्छादित होगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।
वेदारंभ संस्कार कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









