छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, रेड अलर्ट जारी

CG Weather Update

CG Weather Update

CG Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (लो प्रेशर) के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बीते दो-तीन दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। बिना रेनकोट और छाते के घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।

रायपुर में लगातार बरस रहे बादल

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने 6 जुलाई को शहर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कई जिलों में हुई भारी बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। राजिम में सर्वाधिक 19 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16 सेंटीमीटर, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर, अर्जुन्दा में 13 सेंटीमीटर, लाभांडी और गुंडरदेही में 12-12 सेंटीमीटर तथा भिलाई में 11 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

25 से अधिक जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

रेड अलर्ट वाले जिलों में धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया शामिल हैं। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अलावा कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट भी जारी किया गया है, जहां मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

About The Author