कोरबा: बंटी स्टोर्स के किनारे लगी आग, लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
कोरबा। शहर के मध्य स्थित मुख्य मार्ग पर संचालित बंटी स्टोर्स के किनारे रविवार शाम अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही दुकान के बगल स्थित हिस्से से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही बंटी स्टोर्स के संचालक, अप्सरा इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाला। सभी ने अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में आग बुझा दी।
स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।









