पुरानी रंजिश में रास्ता रोककर मारपीट और 60 हजार की लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार; वाहन, रॉड और नकदी बरामद

कोरबा। कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बलवा, मारपीट, रास्ता रोककर लूट और जानलेवा हमले के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड तथा लूटी गई 60 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बालको चौकी रजगामार पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए लोहे के रॉड और हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी कार में तोड़फोड़ कर उसके पास रखी 60 हजार रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बालको चौकी रजगामार में अपराध क्रमांक 401/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई नकदी बरामद कर जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48 वर्ष), संदीप खाण्डे (22 वर्ष), गंगासागर खाण्डे (39 वर्ष) तथा अरुण खाण्डे (24 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी रजगामार, जिला कोरबा के निवासी हैं।

About The Author