चलती ट्रेलर रोकने की कोशिश में चालक की मौत, बालको रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चलती ट्रेलर को रोकने के प्रयास में चालक का पैर फिसल गया, जिससे वह वाहन के पहियों के नीचे आ गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 12 AW 2243 मानिकपुर खदान से कोयला लेकर बालको प्लांट पहुंचा था। दोपहर करीब 1 बजे शर्मा पेट्रोल पंप के पास चालक संतोष कुमार खैरवार (47) ट्रेलर खड़ा कर नीचे उतरा था। इसी दौरान ट्रेलर अचानक आगे बढ़ने लगी। वाहन को रोकने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर के सुरक्षित तरीके से खड़ी नहीं होने की आशंका जताई जा रही है।

About The Author