कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर: इमली के पेड़ पर बसे 6 साइबेरियाई पक्षियों की मौत, गांव में शोक और दहशत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियाई प्रवासी पक्षियों की मौत हो गई। यह घटना करतला वनमंडल क्षेत्र के ग्राम रामपुर में हुई, जहां हर वर्ष हजारों किलोमीटर का सफर तय कर साइबेरिया से आने वाले पक्षी बरसात के मौसम में अपना बसेरा बनाते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान गांव के एक पुराने इमली के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। उस समय पेड़ पर कई साइबेरियाई पक्षियों का बसेरा था। बिजली की चपेट में आने से छह पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि हर साल बरसात के मौसम में ये प्रवासी पक्षी हजारों किलोमीटर की यात्रा कर रामपुर पहुंचते हैं। यहीं घोंसले बनाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं और जब बच्चों के पंख मजबूत हो जाते हैं, तब वे वापस अपने मूल स्थान की ओर उड़ जाते हैं।
गांव के लोगों का इन पक्षियों से विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। ग्रामीण इन्हें शुभ संकेत मानते हैं और उनका विश्वास है कि इन पक्षियों के आगमन से गांव में सुख-समृद्धि, अच्छी बारिश और खुशहाली आती है। ऐसे में छह पक्षियों की एक साथ मौत से ग्रामीण काफी दुखी हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृत पक्षियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पक्षियों की मौत के कारणों का परीक्षण भी कराया जाएगा।









