ट्रेलर से टकराई बस, खाई में गिरते ही लगी आग, 7 यात्रियों की दर्दनाक मौत
Delhi-Mumbai Expressway Accident : जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी स्लीपर बस ट्रेलर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कम से कम 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तड़के 2 से 3 बजे के बीच हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक यह हादसा दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्थित एक रेस्ट एरिया के पास तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस पहले एक खाली ट्रेलर से टकराई। टक्कर के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
बस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची चीख-पुकार
हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के कुछ ही देर बाद बस के पिछले हिस्से में आग लग गई। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य वाहन चालकों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
महिलाएं और बच्चे भी घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे कई यात्री नीचे गिर पड़े। हादसे में महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं। कुछ यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग फैलने से पहले बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस और राहत दल ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से निकालकर दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
अस्पताल पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, डिप्टी एसपी धर्मेंद्र कुमार और एसडीएम संजू मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।









