• nagardarpannews

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर में घुसी बस, 4 की मौत, 25 यात्री घायल

Yamuna Expressway Bus Accident : मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन-111 के पास लखनऊ से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट बस गिट्टी से लदे ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 3:30 बजे हुआ। बिहार नंबर की प्राइवेट बस यात्रियों को लेकर लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर का गिट्टी से भरा ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन पर चल रहा था, तभी तेज रफ्तार बस पीछे से उसमें जा घुसी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

महावन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह बस चालक को नींद का झोंका आना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

About The Author