आयुक्त की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई निगम कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की बैठक
कोरबा 24 जून 2026 – आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में नगर पालिक निगम कोरबा की कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की बैठक आज साकेत भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ न.पा.नि.कोरबा के महामंत्री श्री अरूण मिश्रा ने कर्मचारी हितों से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव समिति के समक्ष रखें, जिस पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया तथा प्रस्तावों को शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आज निगम कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें कर्मचारियों के हित से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के महामंत्री श्री अरूण मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों ने कर्मचारी हित से जुडे़ विभिन्न प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किये गये, जिस पर चर्चा हुई, वहीं संघ पदाधिकारियों ने आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय को विभिन्न प्रस्तावों का ज्ञापन भी सौपा। बैठक के दौरान कर्मचारियों को समयमान, वेतनमान का लाभ दिये जाने, पदोन्नति प्रदान किये जाने, रिक्त पदों पर सीधी भर्ती करने, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, प्लेसमेंट में कार्यरत कम्प्यूटर आपरेटरों के वेतन में वृद्धि किये जाने, प्लेसमेंट में तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती करने, कर्मचारियों का गु्रप इंश्योरेंस एवं कैशलेस चिकित्सा का लाभ दिये जाने, संविदा नियुक्ति की परंपरा को समाप्त करने, एल.एस.जी.डी. का पृथक से इंक्रीमेंट जोड़ने, विभागीय कर्मचारियों को योग्यता अनुसार आवासगृहों के आबंटन एवं कर्मचारियों के आवासगृहों का मरम्मत सहित अन्य विभिन्न विषयों से संबंधित प्रस्ताव समिति के समक्ष रखें गये, जिन पर चर्चा हुई तथा इनसे जुड़े आवश्यक प्रस्तावों को शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, लेखाधिकारी भवकांत नायक, छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपायध्क्ष अखिलेश शुक्ला, संघ के न.पा.नि.कोरबा के अध्यक्ष आनंद दुबे, महामंत्री अरूण मिश्रा, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक कार्यालय अधीक्षक अरविंद कुमार वानखेडे, उप अभियंता देवेन्द्र स्वर्णकार, स्वच्छता निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार नामदेव, भावेश कुमार यादव, उदय मण्डल, दिलेश्वर सिंह, बनवारीलाल, रथराम राठौर आदि उपस्थित थे।









