सीए परीक्षा में वंशिका अग्रवाल ने हासिल की ऑल इंडिया 23वीं रैंक, छत्तीसगढ़ में रहीं प्रथम
चांपा। चांपा की प्रतिभाशाली छात्रा वंशिका अग्रवाल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया 23वीं रैंक हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
वंशिका, गोविंद अग्रवाल एवं मंजू अग्रवाल की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और सही मार्गदर्शन को दिया है। सीए परीक्षा देश की सबसे कठिन पेशेवर परीक्षाओं में मानी जाती है, जिसमें हर वर्ष लाखों अभ्यर्थी शामिल होते हैं। ऐसे में शीर्ष 23 में स्थान बनाना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
वंशिका की सफलता से चांपा नगर में खुशी का माहौल है। अग्रवाल समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने इसे दृढ़ निश्चय, निरंतर मेहनत और उचित मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए कहा कि वंशिका की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
सीए परीक्षा में ऑल इंडिया 23वीं रैंक हासिल कर वंशिका अग्रवाल ने यह साबित कर दिया है कि लगन और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।









