सीए फाइनल परीक्षा में अरनव अग्रवाल ने हासिल की ऑल इंडिया 29वीं रैंक, अग्रवाल समाज और छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान
कोरबा। अग्रवाल सभा, कोरबा के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि सभा के सम्माननीय सदस्य श्री महावीर भोजासिया के नाती, श्री सुभाष भोजासिया के भांजे तथा श्री सतीश अग्रवाल एवं श्रीमती स्वाति अग्रवाल के सुपुत्र अरनव अग्रवाल ने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) फाइनल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 29वीं रैंक प्राप्त की है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ एवं अग्रवाल समाज का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
अरनव अग्रवाल की यह सफलता उनकी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प, अनुशासित अध्ययन एवं माता-पिता तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश देगी।
अग्रवाल सभा, कोरबा के अध्यक्ष श्री बजरंग अग्रवाल ने अरनव अग्रवाल को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अरनव की यह उपलब्धि समाज के लिए गर्व का विषय है तथा ईश्वर से प्रार्थना है कि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नई-नई सफलताओं के शिखर को स्पर्श करते हुए राष्ट्र एवं समाज का नाम इसी प्रकार गौरवान्वित करते रहें।
अरनव अग्रवाल की इस शानदार उपलब्धि पर अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक एवं शैक्षणिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।









