कोरबा: अडानी पावर प्लांट में चोरी की साजिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अडानी पावर प्लांट में चोरी की साजिश को विफल कर दिया। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पताढ़ी स्थित प्लांट परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की नीयत से प्लांट में घुसने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









