पर्यावरण दिवस पर अग्रवाल गौ सेवा धाम के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल की अनूठी पहल, 200 पौधों का किया वितरण
कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अग्रवाल गौ सेवा धाम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी जैन्त अग्रवाल ने एक सराहनीय पहल की। उन्होंने अपनी संस्था और कर्मचारियों के सहयोग से करीब 200 पौधों का वितरण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।
जानकारी के अनुसार, गरिमा मेडिकल में दवा लेने पहुंचे लोगों एवं अन्य आगंतुकों को पौधे वितरित किए गए। इस दौरान जैन्त अग्रवाल ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हम वर्तमान में प्रकृति की रक्षा के लिए प्रयास करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित नगर निगम की ईवी जागरूकता रैली में भी जैन्त अग्रवाल ने सहभागिता की। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान और जनजागरूकता के प्रयासों को देखते हुए रैली के दौरान उनका सम्मान भी किया गया।
जैन्त अग्रवाल की इस पहल की शहरभर में सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने में मददगार साबित होते हैं।









