श्रमण संघ हाउस में चोरी का प्रयास, नशाखोरों की गतिविधियों से क्षेत्र में दहशत

दुर्ग। श्रमण संघ हाउस, बाँधा तालाब क्षेत्र में देर रात लगभग 3 से 4 बजे के बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा परिसर में घुसकर चोरी का प्रयास किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, संघ हाउस के पीछे के क्षेत्र में प्रतिदिन कुछ युवक नशा करते हुए देखे जाते हैं, जिससे न केवल क्षेत्र का वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि आमजन की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। यह स्थान ऐसा है जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएँ मॉर्निंग एवं इवनिंग वॉक के लिए तथा बच्चे खेलकूद के लिए आते हैं। ऐसे में असामाजिक तत्वों और नशाखोरों की मौजूदगी किसी भी समय बड़ी अप्रिय घटना का कारण बन सकती है।

नागरिकों का कहना है कि इस संबंध में पुलिस प्रशासन को पूर्व में भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि प्रशासन की उदासीनता भविष्य में किसी गंभीर हादसे को जन्म दे सकती है।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए, ताकि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

About The Author