शराब दुकानों के गार्डों का आरोप: नौकरी और वर्दी के नाम पर हो रही अवैध वसूली
कोरबा। जिले की सरकारी शराब दुकानों में तैनात सुरक्षा गार्डों ने नई ठेका कंपनी के अधिकारियों पर भर्ती और वर्दी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। गार्डों का दावा है कि नई भर्ती के लिए 30 से 35 हजार रुपए और नई वर्दी के नाम पर प्रत्येक गार्ड से 15 हजार रुपए की मांग की जा रही है। मामले का कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सुरक्षा गार्डों ने जिला आबकारी अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर BIS सुरक्षा कंपनी के अधिकारियों पर जबरन पैसे वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायत में कंपनी को CSMCL से ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी की गई है।
गार्डों के अनुसार, कंपनी के फील्ड ऑफिसर बृजराज सिंह चौहान द्वारा प्रत्येक गार्ड से 15 हजार रुपए मांगे जा रहे हैं। पैसे नहीं देने पर 40 से 60 हजार रुपए तक की अतिरिक्त मांग और नौकरी से हटाने की धमकी दी जा रही है। गार्डों का कहना है कि उन्हें सात दिनों के भीतर रकम जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जो कर्मचारी पैसे देने का विरोध कर रहे हैं, उनसे दबावपूर्वक वीडियो बनवाया जा रहा है, जिसमें वे अपनी मर्जी से पैसे देने की बात कहते नजर आते हैं। वहीं एक गार्ड ने कथित बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग कर उसे सबूत के तौर पर अधिकारियों को सौंपा है।
गार्डों ने बताया कि उन्हें महीने भर की ड्यूटी के बदले 10 से 15 हजार रुपए तक वेतन मिलता है। ऐसे में वर्दी के नाम पर इतनी बड़ी रकम देना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वायरल ऑडियो में नई भर्ती के लिए 30 से 35 हजार रुपए लेने और विभागीय अधिकारियों से कथित पहुंच होने की बात भी सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने सुरक्षा कंपनी से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









