जैन संतों की सुरक्षा को लेकर कोरबा में निकली विशाल मौन रैली, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
कोरबा। जैन संतों एवं साधु-साध्वियों की सुरक्षा को लेकर सकल जैन समाज कोरबा के तत्वावधान में सोमवार को विशाल मौन रैली निकाली गई। समाज के सभी वर्गों के लोग पूरे परिवार के साथ बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली श्री 1008 दिगंबर जैन मंदिर बुधवारी से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां माननीय प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया।
समाजजनों ने जैन संतों के विहार के दौरान लगातार हो रही दुर्घटनाओं एवं असामाजिक तत्वों द्वारा की जा रही हिंसक घटनाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। ज्ञापन के माध्यम से संत समाज की सुरक्षा हेतु कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
रैली में पुरुष वर्ग श्वेत कुर्ता-पायजामा एवं महिला वर्ग पीले वस्त्रों में शामिल हुए। पूरे मार्ग में समाजजन मौन रहकर शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़े और एकता व धार्मिक सुरक्षा का संदेश दिया।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कलेक्टर महोदय ने समाजजनों को आश्वस्त किया कि जैन संतों की सुरक्षा से जुड़े विषय पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सकल जैन समाज के प्रतिनिधि डॉक्टर प्रदीप जैन मूलचंद जैन ,योगेश जैन, प्रकाश जैन, महेंद्र चोपड़ा, दिनेश जैन, दीपांशु जैन सयुंक रूप से कहा कि संत समाज की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए समाज आगे भी एकजुट होकर आवाज उठाता रहेगा।









