कुंआ भट्ठा की शराब दुकान को लेकर मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

कोरबा। शहर के कुंआ भट्ठा क्षेत्र में संचालित शराब दुकान एवं सड़क किनारे चल रही चखना दुकान को लेकर स्थानीय रहवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों की ओर से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि सड़क किनारे संचालित चखना दुकान के कारण वहां अत्यधिक भीड़ लगती है। कई लोग सड़क पर बैठकर शराब सेवन करते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही क्षेत्र में गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग आम हो गया है, जिससे महिलाओं और बच्चों को विशेष दिक्कतें हो रही हैं।

कलेक्टर को ज्ञापन देने वाले रविंद्र शर्मा ने बताया कि उनके जमीन परिसर में शराब दुकान संचालित होती है, लेकिन बगल में चल रही चखना दुकान के कारण आए दिन असामाजिक तत्व उनके घर तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां आने वाली कुछ शराबी पब्लिक उनके परिवार के साथ गाली-गलौज करती है तथा विरोध करने पर धमकी भी देती है, जिससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में रहने को मजबूर है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शराब दुकान परिसर के अंदर पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के बावजूद चखना दुकान सड़क पर संचालित की जा रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चखना दुकान को सड़क से हटाकर परिसर के अंदर स्थापित कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

About The Author