ISRO की यात्रा पर कोरबा का बेटा सार्थक, युविका प्रोग्राम में चयन, सीखेंगे रॉकेट साइंस की बारिकियां
कोरबा: इसरो (ISRO) के युविका-2026 (युवा विज्ञानी कार्यक्रम) के लिए जिले के पीएमश्री एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय के छात्र का चयन सार्थक कंवर का चयन हुआ है. छत्तीसगढ़ से कुल 14 छात्रों का इस महत्वाकांक्षी प्रोग्राम के लिए चयन किया गया है. जिसमें सार्थक कोरबा जिले से अकेला छात्र है. एकलव्य विद्यालय जिले के छूरी में संचालित है.
इसरो जाएगा कोरबा का सार्थक
यह ट्राइबल बच्चों के लिए एक आवासीय विद्यालय है, जहां एसटी वर्ग से आने वाले छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है. कक्षा 9वी में रहते हुए सार्थक ने इस तैयारी की थी. फिलहाल सार्थक दसवीं कक्षा का छात्र है.सार्थक के चयन से पूरे विद्यालय में हर्ष का माहौल है. यह प्रोग्राम इसरो का एक खास कार्यक्रम है. जिसके तहत देश भर से 350 छात्रों को चयन किया जाता है. जिन्हें इसरो में दो हफ्तों का प्रशिक्षण दिया जाता है. सभी चयनित बच्चे इसरो के बेसिक नियमों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे.
बेसिकली यह कार्यक्रम इसरो द्वारा चलाया जाता है. जिसमें देशभर से चयनित बच्चों को दो हफ्तों का प्रशिक्षण दिया जाता है. इस खास कार्यक्रम के लिए देश भर के बच्चों के बीच प्रतिस्पर्धा रहती है. जिसमें ऑनलाइन टेस्ट लिया जाता है, सिर्फ पढ़ाई ही नहीं अन्य गतिविधियों के आधार पर ओवरऑल एक मेरिट सूची तैयार होती है. जिसके बाद बच्चे का चयन होता है- डॉ असद अहमद, प्राचार्य, पीएमश्री एकलव्य विद्यालय, छूरी
प्राचार्य डॉ असद अहमद ने आगे बताया कि हमारे विद्यालय से 10 बच्चों ने इसका फॉर्म भरा था.जिसमें से सार्थक अकेला है. जिसका इस कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है, दो हफ्तों के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का खर्च भी इसरो द्वारा ही वहन किया जाता है, आने, जाने, रहने और प्रशिक्षण तक की पूरी जिम्मेदारी इसरो की होगी. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद छात्र का सर्वांगीण विकास होगा.















