बस्तर दौरे पर कोरबा की महिला पत्रकारों का अनुभव: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में दिखा बदलाव का नया चेहरा
कोरबा/बस्तर। कोरबा की महिला पत्रकारों का दल इन दिनों बस्तर दौरे पर है, जहां उन्हें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को करीब से देखने का मौका मिला। दंतेवाड़ा पहुंचने से पहले रास्ते में पत्रकारों ने जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर ग्रामीणों के साथ खड़े कांग्रेस नेता दीपक बैज से मुलाकात की और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की।
इसके बाद टीम ने बस्तर आईजी सुंदरराज पी से खास मुलाकात की। इस दौरान आईजी ने विस्तार से बताया कि किस तरह सुरक्षा बलों और प्रशासन के प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को धीरे-धीरे हिंसा से मुक्त कराया जा रहा है और पूर्व नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
दौरे के दौरान पत्रकारों ने दंतेश्वरी माता के दर्शन भी किए और एसडीओपी राहुल उइके से मुलाकात कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद टीम लाइवलीहुड कॉलेज पहुंची, जहां उन्होंने उन पूर्व नक्सलियों से बातचीत की, जिन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर अब सामान्य जीवन अपनाया है।
इस यात्रा की एक खास झलक ‘पण्डुम’ नामक रेस्टोरेंट रहा, जहां पूर्व नक्सली अब हथियार छोड़कर स्वादिष्ट भोजन तैयार कर रहे हैं। बताया गया कि यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सबसे भावुक पहलू यह रहा कि जो महिलाएं कभी हथियार लेकर नक्सली गतिविधियों में शामिल थीं, आज वही महिलाएं रेस्टोरेंट में लोगों को खाना परोसते हुए नई जिंदगी की मिसाल पेश कर रही हैं।
इस दौरे ने यह साफ कर दिया कि बस्तर में अब बदलाव की बयार चल रही है, जहां हिंसा की जगह विकास और पुनर्वास को प्राथमिकता दी जा रही है।















