CG BREAKING : नकटिखार बायपास पर भीषण सड़क हादसा, दशगात्र में जा रहे दंपत्ति की दर्दनाक मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। नकटिखार बायपास मार्ग पर एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार दंपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बालको नगर निवासी बहरुराम रात्रे और उनकी पत्नी के रूप में हुई है।
दशगात्र कार्यक्रम में जा रहे थे दंपत्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालको नगर निवासी बहरुराम रात्रे अपनी पत्नी के साथ मंगलवार सुबह बाइक पर सवार होकर गोढ़ी गांव जा रहे थे। वे वहां आयोजित एक दशगात्र (मृत्यु भोज) कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। अभी वे नकटिखार बायपास मार्ग पर कचन्दा नाला के पास पहुंचे ही थे कि तभी एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
एंबुलेंस के आने से पहले ही थम गईं सांसें
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक बहरुराम रात्रे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत 108 संजीवनी एंबुलेंस को दी। हालांकि, मदद पहुँचने और उन्हें अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी वाहन की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।















