टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कोरबा में विश्व टीबी दिवस पर संकल्प सभा आयोजित

कोरबा, 24 मार्च। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विश्व टीबी दिवस के अवसर पर आज जिला कलेक्टरेट कोरबा में एक गरिमामय कार्यक्रम एवं संकल्प सभा का आयोजन किया गया। यह दिवस 24 मार्च 1882 को डॉ. रॉबर्ट कोच द्वारा टीबी के जीवाणु माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस की खोज की घोषणा की स्मृति में प्रतिवर्ष मनाया जाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर प्रभारी श्री आशुतोष पांडे ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सूर्य नारायण केसरी की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस सभा में जिले को टीबी मुक्त बनाने हेतु चल रहे अभियान, जनजागरूकता, समय पर जांच एवं उपचार पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिले में टीबी उन्मूलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ‘निश्चय मित्रों’ का सम्मान किया गया तथा उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में रोटरी क्लब, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं मितानिनों के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।

सभा में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि जनभागीदारी के माध्यम से कोरबा जिले को शीघ्र ही टीबी मुक्त जिला बनाया जाएगा और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में हर संभव योगदान दिया जाएगा।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटे नितिन चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष रोटे पारस जैन, लायंस क्लब के अध्यक्ष लायन विक्रम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

About The Author